उत्तरकाशी में बर्फबारी के बाद रेस्क्यू अभियान तेज, कालिंदी पास समेत तीन क्षेत्रों से 22 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद ट्रेकिंग और पर्वतारोहण अभियानों पर गए ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की सुरक्षित वापसी के लिए जिला प्रशासन का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
सोमवार को कालिंदी पास बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र में अभियान पर गए 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था। वहीं मंगलवार को भी सुबह से रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया और विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों से 22 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रशासन के अनुसार मंगलवार को कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 10, सतोपंथ बेस क्षेत्र से 4 और जोगिन-I पास बेस क्षेत्र से 8 सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इस तरह मंगलवार को कुल 22 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया।
जिला प्रशासन के मुताबिक, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और बर्फबारी की परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को लगातार अलर्ट पर रखा गया है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान से जुड़ी टीमें हर्षिल समेत विभिन्न पड़ावों पर आवश्यक समन्वय और कार्रवाई कर रही हैं। जिलाधिकारी स्मार्ट कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने रेस्क्यू अभियान में लगी सभी टीमों को तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे या वापसी कर रहे ट्रैकर्स एवं अन्य सदस्यों को सुरक्षित नीचे लाया जा सके।
प्रशासन की ओर से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।